Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

ग्राहक बनकर आया ठग ज्वैलरी शॉप से 8.50 लाख रुपए कीमत का सोने का सैट लेकर फरार

June 10, 2026

ग्राहक बनकर आया ठग ज्वैलरी शॉप से 8.50 लाख रुपए कीमत का सोने का सैट लेकर फरार

लुधियाना : ग्राहक बनकर आया ठग ज्वैलरी शॉप 8.50 लाख रुपए कीमत का सोने का सैट लेकर फरार हो गया। ठग ने बड़ी ही चालाकी से इस वारदात को अंजाम दिया। एक दिन पहले भी वह ग्राहक बनकर दुकान पर आया और रेकी की। फिर अगले दिन आकर वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार ने शातिर का पीछा भी किया लेकिन वह गलियों में गायब हो गया। दुकान में आते जाते और सैट लेकर भागता आरोपी सी.सी.टी.वी. में रिकॉर्ड हो गया। मामले के बारे में पुलिस को शिकायत दी गई है। फिलहाल पुलिस सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान लगाने का प्रयास कर रही है।

यह वारदात मंगलवार को पिंडी स्ट्रीट के सामने सर्राफा बाजार में आत्म ज्वैलर्स के यहां हुई। दुकान के मालिक आत्म प्रकाश ने बताया कि सोमवार दोपहर 3 बजे शातिर उनकी दुकान पर आया। उसने सोने का सैट खरीदने की बात कही। फिर उसने एक सैट पसंद किया और खरीदने के लिए मंगलवार आने की बात कही। आत्म प्रकाश का कहना है कि मंगलवार सुबह तकरीबन 11:30 बजे वह उनकी दुकान पर आया। उसने उन्हें कल जो पसंद किया था, वही सैट खरीदने की बात कही।

आत्म प्रकाश का कहना है कि उन्हें शिष्टाचार दिखाते हुए उससे कोल्ड ड्रिंक पूछी, आरोपी ने उन्हें कहा कि उसे कैन वाली कोल्ड ड्रिंक पीनी है। उन्होंने अपने नौकर को बाहर से कोल्ड ड्रिंक का कैन लाने के लिए कहा और तकरीबन 50 ग्राम वजनी सोने का सैट आरोपी को दिखाने के लिए काऊंटर पर रखा। उन्होंने बताया कि जैसे ही उनका ध्यान कुछ भटका। आरोपी सोने का सैट उठाकर दुकान के बाहर निकल गया। वह भी शोर मचाते हुए उसके पीछे भागे लेकिन आरोपी कहीं गलियों में फरार हो गया।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें