Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, सेवा के नए आयाम स्थापित किए : CM Rekha Gupta

June 11, 2026

मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, सेवा के नए आयाम स्थापित किए : CM Rekha Gupta

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सेवा और राष्ट्र गौरव के नए आयाम स्थापित किए हैं। मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुधवार को यहां किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्र की उन्नति, समृद्धि और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की और गौ सेवा में भी सहभागिता की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सेवा और राष्ट्र गौरव के नए आयाम स्थापित किए हैं। आज केवल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिक प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की लगभग प्रत्एक योजना के केंद्र में महिला सशक्तीकरण की भावना दिखाई देती है।

करोड़ों शौचालयों के निर्माण से महिलाओं को सम्मान मिला, वहीं ‘उज्ज्वला योजना’ ने माताओं और बहनों के जीवन से धुएं की परेशानी दूर कर उनके जीवन को अधिक सुगम बनाया है। साथ ही ‘मुद्रा योजना’, ‘पीएम स्वनिधि’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी दूरदर्शी पहलों के माध्यम से देश की लाखों महिलाओं और युवतियों को उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं। श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की आधी आबादी की ओर से वह प्रधानमंत्री का कोटि-कोटि धन्यवाद करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के अपने लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करेगा।

उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र से प्रेरणा लेकर दिल्ली सरकार भी ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने प्रधानमंत्री के समर्पण को सभी के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित किया है। देश की सेवा का सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के दौरान उन्होंने बिना किसी अवकाश के निरंतर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके विजन के कारण ही आज भारत वैश्विक मंच पर सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें