Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Google Maps ने फिर दिया गच्चाः UP Police की परिक्षा देने जा रहे 4 अभ्यर्थियों को जंगल में पहुंचाया

June 11, 2026

Google Maps ने फिर दिया गच्चाः UP Police की परिक्षा देने जा रहे 4 अभ्यर्थियों को जंगल में पहुंचाया

Google Maps location News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में आयोजित यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां, गाजियाबाद और हापुड़ के चार अभ्यर्थी गूगल मैप पर भरोसा करके परीक्षा केंद्र के लिए निकले, लेकिन कथित तौर पर गलत लोकेशन मिलने के कारण समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके। इसके चलते उनकी परीक्षा छूट गई।

अभ्यर्थियों का कहना है कि गूगल मैप ने उन्हें परीक्षा केंद्र की बजाय शामली जिले के चंदहेड़ी गांव के जंगल वाले इलाके में पहुंचा दिया, जिससे उनका काफी समय बर्बाद हो गया।

कौन हैं प्रभावित अभ्यर्थी
जानकारी के अनुसार, धर्मेन्द्र चौधरी, अरुण मलिक, विशाल और नकुल नाम के चार अभ्यर्थियों की परीक्षा नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित दीपचंद ग्रीन चैंबर इंटर कॉलेज में आयोजित की गई थी। चारों अभ्यर्थी अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों पर परीक्षा देने के लिए निकले थे। चूंकि उन्हें परीक्षा केंद्र का रास्ता ठीक से पता नहीं था, इसलिए उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया।

गलत लोकेशन ने बढ़ाई मुश्किल
अभ्यर्थियों के मुताबिक, गूगल मैप ने उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के बजाय गलत दिशा में भेज दिया। वे काफी दूर शामली क्षेत्र के चंदहेड़ी गांव के पास जंगल वाले इलाके में पहुंच गए।

जब उन्हें एहसास हुआ कि वे गलत स्थान पर पहुंच गए हैं, तब उन्होंने तुरंत वापस मुजफ्फरनगर स्थित परीक्षा केंद्र की ओर रुख किया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और परीक्षा शुरू हो चुकी थी। समय पर केंद्र नहीं पहुंच पाने के कारण उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली और उनकी परीक्षा छूट गई।

अधिकारियों से लगाई गुहार
परीक्षा छूटने के बाद चारों अभ्यर्थी जिला मुख्यालय पहुंचे और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गूगल मैप की गलत लोकेशन की वजह से वे समय पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाए। अभ्यर्थियों ने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई करने और उनकी समस्या का समाधान निकालने की मांग की है।

पुलिस प्रशासन ने शुरू की जांच
मामले के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है। एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि गूगल को भी एक पत्र भेजा जाएगा, जिसमें यह पूछा जाएगा कि संबंधित परीक्षा केंद्र की लोकेशन की जगह अभ्यर्थियों को शामली क्षेत्र की लोकेशन क्यों दिखाई जा रही थी।

भर्ती बोर्ड से भी होगी बातचीत
एसपी सिटी के अनुसार, प्रभावित अभ्यर्थियों में दो हापुड़ और दो गाजियाबाद जिले के रहने वाले हैं। उनकी परीक्षा छूटने के मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में भर्ती बोर्ड से भी बातचीत की जा रही है ताकि पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके और आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सके।

दोबारा परीक्षा को लेकर स्थिति साफ नहीं
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन चार अभ्यर्थियों की परीक्षा गूगल मैप की कथित गलती के कारण छूटी है, क्या उन्हें दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा या नहीं। इस संबंध में अभी तक भर्ती बोर्ड या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें