Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

शराब की डिलीवरी देने आए आरोपी को पुलिस ने दबोचा, 12 घंटे बाद कार का शीशा तुड़वाकर बरामद की 15 पेटी

June 14, 2026

शराब की डिलीवरी देने आए आरोपी को पुलिस ने दबोचा, 12 घंटे बाद कार का शीशा तुड़वाकर बरामद की 15 पेटी

लुधियाना: मोहल्ला फतेहगंज में शराब की डिलीवरी देने आए आरोपी को पुलिस टीम ने धर-दबोचा लेकिन जिस कार में शराब थी, 12 घंटे तक पुलिस उस होंडा सिटी कार का लॉक नहीं खोल सकी। आखिरकार पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से ही कार का शीशा तुड़वाया। कार से 15 पेटी शराब बरामद की गई है। यह कार किसकी है और कौन से लोग इस धंधे में शामिल हैं? इसकी पुलिस जांच कर रही है। पकड़े गए आरोपी का नाम सुनील है। उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ला फतेहगंज में सफेद रंग की होंडा सिटी कार में तस्करी कर शराब लाई जा रही है। पुलिस ने रेड की और आरोपी सुनील को काबू कर लिया। सुनील के साथ उसके और साथी भी मौजूद थे, जो मौका से निकलने में कामयाब हो गए। पुलिस ने सुनील को तो काबू कर लिया लेकिन जिस कार में शराब थी, उसकी चाबी सुनील के पास नहीं थी, इसलिए शुक्रवार रात 12 बजे से लेकर शनिवार दोपहर तक पुलिस कार के नजदीक ही मौजूद रही।

लाख कोशिशों के बावजूद पुलिस से कार का लॉक नहीं खुला। आखिरकार पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से ही कार का शीशा तुड़वाया। इसके बाद कार में से 15 पेटी शराब बरामद की गई। एक्साईज इंस्पैक्टर नवदीप सिंह का कहना है कि यह कार किसकी है, अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इसकी जांच चल रही है। एक्साइज और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ही तस्करी कर लाई गई शराब पकड़ी गई है। इसके साथ ही पुलिस आरोपी सुनील के फरार साथियों की भी तलाश कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें