Keshav Prasad Maurya major political claim: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। कानपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सपा के 25 से 26 सांसद पार्टी छोड़ने और दूसरी पार्टी में जाने के लिए तैयार बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा किसी को तोड़ने का काम नहीं कर रही है, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा में बड़ी टूट देखने को मिल सकती है। केशव मौर्य ने कहा कि जैसे पहले अन्य राजनीतिक दलों में टूट हुई थी, वैसे ही समाजवादी पार्टी के कई नेता भी समय आने पर खुद ही पार्टी छोड़ सकते हैं। उनके अनुसार, भाजपा को इसके लिए कोई विशेष प्रयास करने की जरूरत नहीं है।
इससे पहले प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया था कि समाजवादी पार्टी में जल्द बड़ी टूट होगी। राजभर ने कहा कि सपा के कई नेता भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट परियोजना से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया और कहा कि इन मामलों में कार्रवाई की आशंका से सपा परेशान है। भाजपा नेता और मंत्री मनोज पांडेय ने भी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब पार्टी के साथ कोई रहना नहीं चाहता और कई लोग उससे दूरी बना रहे हैं।
वहीं, समाजवादी पार्टी ने भाजपा नेताओं के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर के बयान गंभीरता से लेने लायक नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने के लिए इस तरह की बातें कर रही है। सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने भी पलटवार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का कोई भी नेता भाजपा में नहीं जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बनाएगी।
इस बीच कानपुर के एक मंदिर में दानपात्र से कथित चोरी के मामले पर भी केशव मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच पूरी होने के बाद चोरी की गई राशि बरामद कर ली जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...