नई दिल्ली : दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने कपासहेड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लूट गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी कुख्यात शुभम पंडित गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 लाख रुपये नकद, तीन देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 की रात एक चांदी व्यापारी अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था।
उसके पास करीब साढ़े तीन किलोग्राम चांदी के आभूषण थे, जिनकी कीमत लगभग 7 से 8 लाख रुपये बताई गई। कपासहेड़ा स्थित शिव मंदिर चौक के पास बदमाशों ने उसे रोककर हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर व्यापारी के साथ मारपीट की गई और मौके पर अफरा-तफरी मचने पर आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। तीन आरोपी उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दर्ज सशस्त्र लूट मामले में वांछित थे, जबकि दो आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद में दर्ज रंगदारी मामले में भी फरार चल रहे थे। मामले की आगे जांच जारी है।