Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal: पंचतत्व में विलीन हुए मर्चेंट नेवी अफसर आदित्य शर्मा, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

June 18, 2026

Himachal: पंचतत्व में विलीन हुए मर्चेंट नेवी अफसर आदित्य शर्मा, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

हिमाचल डेस्कः होर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान और ईरान के बीच एक शिपिंग कंपनी के जहाज पर हुए हमले में जान गंवाने वाले हमीरपुर की ग्राम पंचायत हड़ेटा के भालू गांव निवासी मर्चेंट नेवी अफसर आदित्य शर्मा पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार वीरवार दोपहर उनके पैतृक गांव के मोक्षधाम में किया गया। परिजनों, ग्रामीणों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

ये भी पढ़ें :-

इससे पहले डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में आदित्य की पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आदित्य का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। दोपहर में जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक निवास पर पहुंचे।

ये रहे मौजूद

अंतिम संस्कार में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा, गलोड़ के तहसीलदार केशव कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन प्रेम चंद शर्मा, संजीव शर्मा तथा अन्य गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन परिवार के साथ खड़ा हैः उपायुक्त

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने आदित्य के पिता राजेश शर्मा और अन्य परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है तथा हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

आदित्य के पिता ने मोदी सरकार से की ये अपील

इस दौरान आदित्य के पिता राजेश शर्मा ने केंद्र सरकार से अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरकार को प्रभावी और ठोस कदम उठाने चाहिए।

बता दें ओमान की खाड़ी में अमेरिका के हमले में एक वाणिज्यिक टैंकर पर हुए हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। मृतकों में हमीरपुर जिले के भालू गांव के 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी कैडेट आदित्य शर्मा भी शामिल थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें