Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

शौचालय जाने का बहाना बनाकर घर में घुसे तेज प्रताप यादव, गर्लफ्रेंड अनुष्का के भाई ने दर्ज करवाई शिकायत

June 19, 2026

शौचालय जाने का बहाना बनाकर घर में घुसे तेज प्रताप यादव, गर्लफ्रेंड अनुष्का के भाई ने दर्ज करवाई शिकायत

नेशनल डेस्कः बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। तेज प्रताप अक्सर अपने बयानों और निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि उन्हें किसी विशेष सुरक्षा की जरूरत नहीं है, बल्कि बिहार की महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इसी बीच अब उनका नाम फिर से अनुष्का यादव और उनकी बेटी उज्जैनी से जुड़े विवाद में सामने आया है। इस मामले को लेकर अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने पटना कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है।

कोर्ट की शरण में पहुंचे आकाश यादव
आकाश यादव का कहना है कि उन्होंने पहले पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने न्याय पाने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। आकाश यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनके पास अपने आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। उन्होंने कोर्ट में दायर शिकायत के साथ पुलिस को दी गई शिकायत की प्रति भी जमा कराई है।

क्या हैं तेज प्रताप यादव पर लगाए गए आरोप
आकाश यादव के अनुसार, 6 जून को वह राजस्थान में थे। इसी दौरान तेज प्रताप यादव और उनके निजी सहायक (PA) मोतिलाल यादव उनके घर पहुंचे। आकाश का आरोप है कि तेज प्रताप यादव उनकी भांजी उज्जैनी से मिलने के लिए जबरन घर में घुस गए। उन्होंने कहा कि घर में मौजूद उनकी मां और बहन ने गेट नहीं खोला, लेकिन तेज प्रताप ने शौचालय जाने का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया और फिर बाहर नहीं निकले। आकाश यादव का दावा है कि यह पहली बार नहीं था। उनके अनुसार, तेज प्रताप पहले भी कई बार बिना अनुमति के घर आते-जाते रहे हैं।

फोन पर हुई बहस…
आकाश यादव का कहना है कि जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने मोतिलाल यादव को फोन किया और पूछा कि आखिर घर में घुसने और उज्जैनी को ले जाने की कोशिश क्यों की जा रही है। इसके बाद उनकी बात कथित तौर पर तेज प्रताप यादव से भी हुई।

आकाश का आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्हें धमकी दी गई। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कहा गया कि अगर उज्जैनी से मिलने से रोका गया तो उसका अपहरण करवा दिया जाएगा। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और मामला अभी कानूनी प्रक्रिया में है।

पीए और विदेशी नंबर से धमकी मिलने का दावा
आकाश यादव ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि बाद में तेज प्रताप यादव के पीए ने उन्हें फोन कर इस पूरे मामले को सार्वजनिक न करने और बातचीत को गोपनीय रखने की सलाह दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का आदमी बताया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

आकाश यादव का कहना है कि उन्होंने 10 जून को पटना के पाटलिपुत्र थाना में इस संबंध में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने कोर्ट में नालिसी मुकदमा दायर किया।

आखिर कौन है उज्जैनी
उज्जैनी अनुष्का यादव की बेटी है। उसका जन्म इसी वर्ष फरवरी महीने के पहले सप्ताह में हुआ था। कुछ समय पहले तेज प्रताप यादव का नाम अनुष्का यादव और उनकी बेटी के साथ जोड़ा गया था। उस समय तेज प्रताप यादव ने इन खबरों का खंडन किया था।

उन्होंने कहा था कि उन्हें बदनाम करने के लिए उनका नाम अनुष्का और उज्जैनी के साथ जोड़ा जा रहा है। तेज प्रताप ने यह भी दावा किया था कि अनुष्का यादव का संबंध आकाश भाटी नामक व्यक्ति से है। उस बयान के बाद यह विवाद कुछ समय के लिए शांत हो गया था, लेकिन अब आकाश यादव द्वारा कोर्ट में शिकायत दर्ज कराने के बाद यह मामला फिर से चर्चा में आ गया है।

फिलहाल जांच जारी
इस पूरे मामले में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आकाश यादव ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कर दी है और अब आगे की कार्रवाई न्यायालय और संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा की जाएगी। दूसरी ओर, तेज प्रताप यादव की ओर से इन नए आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर भी सबकी नजर बनी हुई है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें