हिमाचल डेस्कः प्रदेश में एचआरटीसी की एक चलती बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बस तलवाड़ा से चिंतपूर्णी और ऊना होते हुए नालागढ़-बद्दी जा रही थी।
ये भी पढ़ें :-
इंजन के पास से उठने लगा धुआं
जानकारी के अनुसार, तलवाड़ा-चिंतपूर्णी-ऊना-बद्दी रूट पर चल रही एचआरटीसी बस जब ऊना शहर में केनरा बैंक के समीप पहुंची, तभी बस के इंजन और गियर बॉक्स के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं उठता देख बस में सवार करीब 12 यात्रियों में दहशत फैल गई।
यात्री की सूचना पर चालक ने दिखाई सतर्कता
बस चालक संदीप कुमार ने बताया कि यात्रा के दौरान एक यात्री ने उन्हें बस से धुआं निकलने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उन्होंने बस रोककर बोनट की जांच की, जहां आग की लपटें दिखाई दीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा किया और अपने पास मौजूद पानी की बोतल से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही सभी यात्रियों को तुरंत बस से बाहर निकाल दिया गया।
स्थानीय लोगों की मदद से पाया गया आग पर काबू
चालक और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे वह बस के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी। घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित रहे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
यात्रियों के लिए भेजी गई दूसरी बस
घटना के बाद एचआरटीसी प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की। इसके बाद सभी यात्रियों को उनके गंतव्य नालागढ़ और बद्दी के लिए रवाना कर दिया गया। यह घटना वाहन संचालन के दौरान सतर्कता और चालक की सूझबूझ के महत्व को एक बार फिर उजागर करती है।
ये भी पढ़ें :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...