Delhi-NCR Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। नोएडा समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन सड़कों पर धूल का गुबार छा जाने से आवाजाही प्रभावित हुई।
दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी ने कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। नोएडा और दिल्ली के कई हिस्सों में आसमान धूल से ढका नजर आया। धूल के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
#WATCH | Delhi witnesses a change in weather, with duststorm being experienced in parts of the city. Latest visuals from RK Puram area. pic.twitter.com/2S6dsPkIwX
— ANI (@ANI) June 23, 2026
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजस्थान की ओर से आने वाली तेज और शुष्क हवाओं की वजह से दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी आंधी की स्थिति बनी। दिल्ली के छतरपुर सहित कई इलाकों में आसमान धुंधला दिखाई दिया और तेज हवा के झोंकों से पेड़ भी हिलते नजर आए। हालांकि इस बदले हुए मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई है। राजधानी में दिनभर कभी धूप तो कभी बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
#WATCH | An intense dustorm hits Delhi-NCR, bringing in a change in weather. Latest visuals from Noida Sector 49 in Uttar Pradesh. pic.twitter.com/6RHrUELSYp
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 23, 2026
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में प्री-मॉनसून गतिविधियां जारी हैं। आने वाले दिनों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से और राहत मिल सकती है। जहां तक मॉनसून की बात है, दिल्ली में आमतौर पर 27 जून के आसपास मॉनसून पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसके आगमन में कुछ देरी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून जुलाई के पहले सप्ताह तक दस्तक दे सकता है।फिलहाल मौसम के इस बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन धूलभरी आंधी और कम दृश्यता के कारण सावधानी बरतने की जरूरत है।