इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित एक सार्वजनिक लाइब्रेरी में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई और एक छोटी बच्ची मामूली रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद 18 वर्षीय संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे चिको शहर की ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी में हुई। गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जब आरोपी लाइब्रेरी के पिछले दरवाजे से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान 18 वर्षीय ब्रैडली स्कॉट सायर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दो लोगों की हत्या का मामला दर्ज किया गया है और उसे ब्यूट काउंटी जेल में रखा गया है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बड़े पैमाने पर हिंसा फैलाने की योजना बना रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह अमेरिका के चर्चित कोलंबाइन स्कूल नरसंहार से प्रभावित था। बताया जा रहा है कि उसने उस घटना के एक हमलावर की तरह कपड़े भी पहन रखे थे। पुलिस को शक है कि वह इंटरनेट पर ऐसे समूहों से जुड़ा हुआ था, जो सामूहिक हमलों को बढ़ावा देने वाली विचारधारा से प्रभावित हैं।
घटना के दौरान आरोपी ने करीब आठ राउंड गोलियां चलाईं। एक व्यक्ति को लाइब्रेरी के मुख्य प्रवेश द्वार के पास गोली लगी, जबकि दूसरे व्यक्ति को इमारत के पिछले हिस्से में निशाना बनाया गया। इस हमले में 74 वर्षीय रॉबर्ट जॉनसन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 46 वर्षीय कोडी हल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। कोडी हल उस समय अपने एक दोस्त की छोटी बेटी को लाइब्रेरी घुमाने के लिए लेकर आए थे। गोलीबारी के दौरान बच्ची को कांच के टूटे हुए टुकड़े लग गए, जिससे वह हल्की घायल हो गई। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस जांच में लाइब्रेरी के अंदर से एक शॉटगन बरामद हुई है। इसके अलावा आरोपी की कार की तलाशी लेने पर दो और हथियार मिले हैं। अधिकारियों ने सभी हथियारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सुरक्षा कारणों से ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी की सभी शाखाओं को अगले दिन बंद रखने का फैसला किया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी की योजना कितनी बड़ी थी और उसने हमले की तैयारी कब से शुरू की थी।