बठिंडा: भाजपा नेता, सिविल डिफैंस के चीफ वार्डन एवं होम्योपैथिक चिकित्सक डा. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर पैट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जबकि एक अन्य आरोपित अभी फरार है। जांच में पाकिस्तान में बैठे कथित गैंगस्टर शाहजाद भट्टी का नाम भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने मामले में नामजद किया है।
स्थानीय सचिवालय में आयोजित प्रैसवार्ता में बठिंडा रेंज के डीआईजी हरजीत सिंह ने बताया कि 22 जून की रात डा. तरसेम गर्ग के डा. मेला राम रोड स्थित क्लीनिक पर पैट्रोल बम से हमला किया गया था। घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ, लेकिन क्लीनिक में खड़ी एक एक्टिवा जल गई। मामले की जांच के लिए बठिंडा पुलिस और काउंटर इंटैलिजेंस की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने नकुल राजपूत (21) और गुरविंदर सिंह उर्फ गोली (22), दोनों निवासी खूहियां सरवर, जिला फाजिल्का को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित वारदात से पहले क्लीनिक की रेकी कर रात को ऑटो में मौके पर पहुंचे थे। एक आरोपित ऑटो में रुका रहा, जबकि दो ने पेट्रोल बम फेंका। घटना के बाद सभी फरार हो गए थे। पुलिस ने दो आरोपितों को 24 जून को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपित संदीप सिंह अभी फरार है।