Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

12 लाख नकद, 1.20 करोड़ के गहने… ACB की रेड में तहसीलदार के घर से करोड़ों की संपत्ति बरामद

June 26, 2026

12 लाख नकद, 1.20 करोड़ के गहने… ACB की रेड में तहसीलदार के घर से करोड़ों की संपत्ति बरामद

ACB raid Tehsildar house: तेलंगाना में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सस्पेंड की गई शमीरपेट की तहसीलदार और जॉइंट सब-रजिस्ट्रार थुम्माकोम्मा सुचरिता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि उन्होंने सरकारी नौकरी के दौरान अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति बनाई। ACB की टीम ने सुचरिता के घर के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों से जुड़े तीन अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की। इस दौरान करोड़ों रुपये की चल और अचल संपत्ति का खुलासा हुआ।

छापे में क्या-क्या मिला?

तलाशी के दौरान अधिकारियों को सिद्दिपेट जिले के डामराकुंटा गांव में 2 एकड़ 17 गुंटा जमीन मिली। इसके अलावा हैदराबाद के अलग-अलग इलाकों में तीन फ्लैट और कीसारा व खानामेट गांवों में दो प्लॉट भी मिले। ACB ने छापे के दौरान करीब 12 लाख रुपये नकद, दो कारें, लगभग 1.20 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के गहने तथा 38 लाख रुपये का बैंक बैलेंस भी बरामद किया।

20 करोड़ तक हो सकती है संपत्ति की कीमत

एसीबी के अनुसार, अब तक मिली संपत्तियों की दस्तावेजी कीमत 5.05 करोड़ रुपये से अधिक है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इन अचल संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत इससे कहीं ज्यादा हो सकती है। जांच के दौरान 12 एकड़ कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का अनुमान है कि इन जमीनों की बाजार कीमत करीब 20 करोड़ रुपये तक हो सकती है। फिलहाल एसीबी अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही है।

रिश्वत मामले में पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी

थुम्माकोम्मा सुचरिता को 26 मई को एक अलग रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उन्होंने एक सरकारी काम कराने के बदले एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी और उसमें से 2 लाख रुपये ले लिए थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें SPE और ACB मामलों की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वह फिलहाल जेल में हैं। राज्य सरकार ने 24 जून को उन्हें निलंबित (सस्पेंड) कर दिया था।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन

एंटी करप्शन ब्यूरो ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार में शामिल है तो इसकी जानकारी तुरंत ACB के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें। ब्यूरो ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आम नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें