Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM उमर अब्दुल्ला ने गुपचुप नियुक्ति के आरोपों को किया खारिज, कहा- सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी

June 27, 2026

CM उमर अब्दुल्ला ने गुपचुप नियुक्ति के आरोपों को किया खारिज, कहा- सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी

जम्मू /श्रीनगर : जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती द्वारा लगाए गए गुप्त नियुक्तियों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार एक-दो दिन के भीतर जनता के सामने पूरी सच्चाई पेश करेगी। अब्दुल्ला ने कहा कि महबूबा के आरोप ऐसे हैं जैसे उल्टा चोर कोतवाल को डांटे। अब्दुल्ला ने यहां पत्रकारों से कहा एक कहावत है, उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।

जिन्होंने सबसे ज्यादा अवैध और गुपचुप तरीके से नियुक्तियां कीं, जिनकी गुपचुप नियुक्तियां अदालतों द्वारा रद्द कर दी गईं, क्या हम इसे भूल गए हैं? पीडीपी प्रमुख ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि एनसी सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश में 25,000 गुप्त नियुक्तियां की हैं।

उमर ने दावा किया कि जब महबूबा जम्मू और कश्मीर के तत्कालीन राज्य में मुख्यमंत्री थीं, तब उनके मामा सरताज मदनी के बेटे को पिछले दरवाजे से नियुक्त किया गया था और फिर अदालत के निदेर्शों के अनुसार उन्हें हटा दिया गया था। उन्होंने आगे कहा क्या हम भूल सकते हैं कि जम्मू-कश्मीर बैंक में कितने सैकड़ों गुप्त नियुक्तियां की गईं, जिनकी जांच एजेंसियां आज भी कर रही हैं।

अगर मैं पीडीपी-बीजेपी (शासनकाल) की गुप्त नियुक्तियों को गिनना शुरू कर दूं, तो आपके पास उन्हें गिनने के लिए पर्याप्त समय नहीं होगा। अब्दुल्ला ने जोर देकर कहा कि अगर पीडीपी अपने आरोपों को सबूतों के साथ साबित करती है तो वह जवाब देंगे।

उन्होंने कहा अगर वे इस आरोप को साबित करने के लिए एक भी सबूत पेश कर दें, तो मैं जवाब देने के लिए तैयार हूं। अगर आप किसी भी ऐसे उम्मीदवार का नाम बता दें जिसे गुपचुप तरीके से नियुक्त किया गया हो, तो हम स्पष्टीकरण देने के लिए तैयार हैं। लेकिन, हम यहां इन निराधार आरोपों का पूरा जवाब नहीं देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सभी जानकारी जुटा ली है और ईश्वर की कृपा से अगले एक-दो दिनों में मेरे दो वरिष्ठ मंत्री प्रेस को संबोधित करेंगे और जनता के सामने पूरी सच्चाई पेश करेंगे। इससे पहले, अब्दुल्ला यहां आशूरा के आयोजन में शामिल हुए, जहां इस्लामी महीने मुहर्रम के दसवें दिन सैकड़ों शिया मातम मनाने वालों ने जुलूस में भाग लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें