Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather Update: पंजाब में बदला मौसम, इन 8 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट

June 28, 2026

Punjab Weather Update: पंजाब में बदला मौसम, इन 8 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट

Punjab Weather Update: पंजाब में आज सुबह मौसम ने करवट ली। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए और जालंधर, पठानकोट तथा लुधियाना के जनकपुरी क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग ने सुबह 10:30 बजे तक राज्य के कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रभावित क्षेत्रों में सुल्तानपुर लोधी, खडूर साहिब, फिल्लौर, नकोदर, फगवाड़ा, जालंधर, कपूरथला, शाहकोट और बाबा बकाला शामिल हैं। वहीं अमृतसर, नवांशहर, बलाचौर, गढ़शंकर, तरनतारन, पट्टी, भुलत्थ और रूपनगर के कुछ हिस्सों में भी हल्की आंधी और बिजली चमकने की संभावना है।

अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 30 जून तक पंजाब में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। हालांकि 29 और 30 जून के लिए फिलहाल कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

उमस से लोगों को अभी पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हो सकती है और यह 41 डिग्री सेल्सियस से घटकर करीब 39 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

1 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बिजली की मांग ने तोड़ा इस साल का रिकॉर्ड

भीषण गर्मी के कारण पंजाब में बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे राज्य में बिजली की मांग 16,604 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस वर्ष का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

इससे पहले 26 जून को 16,464 मेगावाट और 25 जून को 16,335 मेगावाट बिजली की मांग दर्ज की गई थी। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 15,736 मेगावाट था।

बढ़ती बिजली खपत के कारण जालंधर सहित कई इलाकों में अघोषित बिजली कटौती की शिकायतें सामने आईं। बिजली विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में मांग और बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें…

तापमान में मिला-जुला असर

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान मोहाली में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरदासपुर में 25 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में रात के तापमान में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि अमृतसर और पठानकोट में तापमान में गिरावट देखी गई। सबसे अधिक 2.1 डिग्री सेल्सियस की कमी पठानकोट में रिकॉर्ड की गई।

ये भी पढ़ें…

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें