Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरिद्वार के श्यामपुर में भीषण सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत, चार घायल

June 29, 2026

हरिद्वार के श्यामपुर में भीषण सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत, चार घायल

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की उत्तराखंड रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस, रात्रि अधिकारी और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा।

अस्पताल में इलाज के दौरान 18 वर्षीय अहान और एक करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल शराफत और उनकी पत्नी शबाना को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्नू (18), सोनी लाल (25) और शमीम (42) सहित अन्य घायलों का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में इलाज जारी है। डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार या अन्य परिस्थितियों के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें