Weather Update: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से उत्तर, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। IMD के अनुसार, गुरुवार को देश के करीब 19 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का भी अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। अगले दो दिनों में इसके गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, पंजाब और राजस्थान के कई अन्य इलाकों तक पहुंचने की संभावना है। इसके चलते इन राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
उत्तर भारत में कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
IMD के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक जलभराव जैसी स्थितियां बनने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बरसेंगे बादल
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
क्या है बारिश की वजह?
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय पंजाब से लेकर उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिणी गुजरात से कर्नाटक तक एक ट्रफ सक्रिय है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने दक्षिण गुजरात, कोंकण और गोवा में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी बहुत तेज बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और मुंबई के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव, यातायात प्रभावित होने और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की आशंका है।
मध्य भारत के इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ तथा छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और शाम तक दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...