Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

अखिलेश के बाद ममता से मिलीं जया, क्या हैं राजनीतिक मायने?

July 2, 2026

अखिलेश के बाद ममता से मिलीं जया, क्या हैं राजनीतिक मायने?

After Akhilesh, Jaya met Mamata : कोलकाता। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव से मिलने के बाद ममता बनर्जी से जया बच्चन की मुलाकात के राजनीतिक मायने निकलने लगे हैं।

बढ़ी सियासी चर्चा, कालीघाट में अहम बैठक

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरणमय नंद की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुनावी हार के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराए जाने के कुछ ही दिनों बाद गुरुवार को समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर ममता बनर्जी से मुलाकात की। तृणमूल सांसद डेरेक ओब्रायन के साथ पहुंचीं जया बच्चन का ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

किरणमय के बयान से बढ़ी सपा-तृणमूल की तल्खी

आईएनडीआईए गठबंधन की सहयोगी होने के बावजूद हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी और तृणमूल के संबंधों में कुछ दूरी दिखाई दी थी। कुछ दिन पहले कोलकाता आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरणमय नंद ने कहा था कि जनता ने ममता बनर्जी को नहीं चाहा, इसलिए उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि गठबंधन की राजनीतिक मजबूरियों के कारण कई बार नेताओं को सार्वजनिक रूप से अलग रुख अपनाना पड़ता है।

जया की मुलाकात से सपा-तृणमूल रिश्तों पर फिर चर्चा

इसके विपरीत, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव परिणाम आने के बाद कोलकाता पहुंचकर ममता बनर्जी से मुलाकात की थी और उनके आरोपों का समर्थन किया था कि चुनाव में गड़बड़ियां हुईं। इस पृष्ठभूमि में जया बच्चन की कालीघाट यात्रा को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जया बच्चन और ममता बनर्जी के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं। जया पहले भी बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल के पक्ष में प्रचार कर चुकी हैं। ऐसे में उनकी ताजा मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि यह मुलाकात किरणमय नंद की टिप्पणी से पैदा हुई असहजता दूर करने या फिर आईएनडीआईए गठबंधन की भावी रणनीति पर चर्चा का हिस्सा हो सकती है। हालांकि दोनों दलों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें