Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में मानसून बना आफत, 9 लोगों की मौत; भूस्खलन से सड़कें बंद और बिजली ठप

July 3, 2026

हिमाचल में मानसून बना आफत, 9 लोगों की मौत; भूस्खलन से सड़कें बंद और बिजली ठप

Himachal: हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन लगातार बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। कई इलाकों में सड़कें बंद हैं, बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है और प्रशासन हालात सामान्य करने में जुटा हुआ है।

राज्य में गुरुवार को रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला दर्रों में हल्का हिमपात हुआ, जबकि कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 49 सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा 42 बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है। हालांकि बारिश से धान और मक्की की बुआई का इंतजार कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है।

पत्थर गिरने से परिचालक की मौत

लाहुल-स्पीति जिले में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के केलंग डिपो की बस उदयपुर से मयाड़ घाटी रूट पर गई थी। गुरुवार सुबह बस के उदयपुर लौटने के दौरान परिचालक ज्ञान सिंह बावड़ी के पास बस से उतरकर खड़ा था। इसी दौरान वह नीचे झुका तो ऊपर पहाड़ी से अचानक एक बड़ा पत्थर उसके सिर पर आ गिरा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

शिमला में करंट लगने से महिला की गई जान

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के निरसु गांव के पास एक 60 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि केबल लाइन से जुड़ी एक लोहे की तार रास्ते में गिरी हुई थी। यह तार बिजली की सर्विस लाइन से संपर्क में आ गई थी, जिससे उसमें करंट आ गया। बारिश के कारण यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। महिला जैसे ही तार के संपर्क में आई, उसे जोरदार करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कांगड़ा में टुल्लू पंप लगाते समय हादसा

कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के मसोट क्षेत्र में एक प्लंबर टुल्लू पंप लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लग गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

चंबा में पैर फिसलने से महिला की मौत

चंबा जिले के अगाहर गांव में एक महिला का पैर फिसल गया, जिससे वह गहरी ढांक में गिर गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

भारी बारिश से सड़कें क्षतिग्रस्त, यातायात प्रभावित

चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण सियूंर नाले में अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव में ग्रीमा गांव को जाने वाली सड़क का करीब 60 फीट हिस्सा बह गया। इसके चलते होली-सियूंर-ग्रीमा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। वहीं चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनका घार के पास भूस्खलन होने से सड़क करीब चार घंटे तक बंद रही। मलबा हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया। बिलासपुर जिले में भी मूसलधार बारिश का असर देखने को मिला। कई सड़कें पानी से भर गईं और चेतना चौक के पास पहाड़ी से पत्थर व मिट्टी सड़क पर आ जाने से यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

मानसून के दौरान अब तक नौ लोगों की मौत

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, मानसून शुरू होने के बाद अब तक प्रदेश में विभिन्न घटनाओं में कुल नौ लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें चार लोगों की ऊंचाई से गिरने, एक व्यक्ति की डूबने, एक की करंट लगने और तीन लोगों की अन्य कारणों से जान गई है। इसके अलावा अब तक सात कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है।

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ इलाकों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर और ऊना जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक का बदलाव देखा गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा यात्रा करते समय पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें