Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘TMC का चुनाव चिन्ह कोई नहीं छीन सकता’, ममता बनर्जी का BJP पर हमला; बागियों को भी दी चेतावनी

July 4, 2026

‘TMC का चुनाव चिन्ह कोई नहीं छीन सकता’, ममता बनर्जी का BJP पर हमला; बागियों को भी दी चेतावनी

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी और पार्टी के बागी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बीजेपी के साथ मिलकर टीएमसी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिन्ह कोई नहीं छीन सकता।

ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पार्टी का चुनाव चिन्ह छीनने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा, “अगर जरूरत पड़ी तो मैं चुनाव चिन्ह को गले में टांगकर जनता के बीच चली जाऊंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि चाहे कितनी भी कोशिशें हों, टीएमसी अपने अधिकार और पहचान की रक्षा करेगी।

ममता बनर्जी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला भी लिया। उन्होंने घोषणा की कि अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (AITC) की अध्यक्ष होने के साथ-साथ अब वह पश्चिम बंगाल टीएमसी की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। इसके अलावा मदन मित्रा और कुणाल घोष को पार्टी की समिति में शामिल करते हुए महासचिव बनाया गया है।

ममता ने आरोप लगाया कि टीएमसी के कई नेताओं, जिनमें अभिषेक बनर्जी और महुआ मोइत्रा भी शामिल हैं, को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि बीजेपी का बंगाल में अपना मजबूत संगठन नहीं है, इसलिए पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल कर टीएमसी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को दूसरी पार्टियों में शामिल होने के लिए डराया जा रहा है, लेकिन टीएमसी किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेगी।

बीजेपी की आलोचना की

राम मंदिर के मुद्दे पर भी ममता बनर्जी ने बीजेपी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राम के नाम पर राजनीति की गई और हिंदू धर्म को बदनाम किया गया। उनका आरोप था कि राम मंदिर निर्माण के लिए लोगों ने सोना-चांदी और अन्य दान दिए थे, लेकिन अब उस दान को अपनी संपत्ति बताने की कोशिश की जा रही है।

टीएमसी प्रमुख ने यह भी दावा किया कि जिस पार्टी कार्यालय पर कब्जे की बात सामने आई है, उसका किरायानामा अक्टूबर 2027 तक वैध है। उन्होंने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुश्किल समय में साथ देने वाले लोग ही किसी भी पार्टी की असली ताकत होते हैं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि अदालत के आदेश के बावजूद कई मामलों में पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा गरीब छात्रों के लिए रखे गए अंडों तक को फेंका जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें