Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिशा बैठक में हंगामा, भड़के कार्तिकेय, बीच में छोड़ी मीटिंग

July 7, 2026

दिशा बैठक में हंगामा, भड़के कार्तिकेय, बीच में छोड़ी मीटिंग

Disha’s meeting gets disrupted : अंबाला। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा जिला प्रशासन के रवैये पर भड़क उठे। उनके भड़कने का कारण सांसद निधि के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों को प्रशासन की ओर से खारिज करना था।

विकास कार्यों को अटकाने का आरोप

नाराज कार्तिकेय शर्मा ने कड़ी आपत्ति जताई और बैठक का बीच में ही बहिष्कार कर दिया। बैठक के दौरान कार्तिकेय शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन उनकी ओर से सुझाए गए जनहित के कार्यों को जानबूझकर लटका रहा है। तल्ख लहजे में अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सांसद ने कहा, अगर जिला प्रशासन को मेरी ओर से दिए कार्यों को इसी तरह रिजेक्ट ही करना है, तो मेरा इस दिशा मीटिंग में मौजूद रहने का कोई फायदा नहीं है।

सांसद वरुण ने भी दिया साथ

नाराजगी जाहिर करते हुए वे अपनी कुर्सी से उठे और मीटिंग को बीच में ही छोड़कर चले गए। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा को अंबाला के लोकसभा सांसद वरुण चौधरी का भी समर्थन मिला। वरुण चौधरी ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि सिर्फ राज्यसभा सदस्य ही नहीं, बल्कि उनकी ओर से प्रस्तावित विकास कार्यों को भी बेवजह अटकाया जा रहा है।

प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल

जनप्रतिनिधियों के इस कड़े रुख और खुले विरोध से बैठक में मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। दोनों सांसदों की नाराजगी ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। विकास कार्यों को लेकर सांसदों और प्रशासन के बीच हुआ यह टकराव अब जिले में सियासी चर्चा का मुख्य विषय बन गया है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें