Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

देशभर में बारिश का कहर, दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट; यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

July 9, 2026

देशभर में बारिश का कहर, दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट; यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

Weather Update 9 July: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया है, जबकि कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 9 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR में तेज बारिश का अलर्ट

दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में येलो अलर्ट भी लागू है। लगातार बारिश की वजह से कई जगह जलभराव और ट्रैफिक की समस्या देखने को मिल सकती है।

महाराष्ट्र में हालात गंभीर

महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से कई नदियां उफान पर हैं। कुछ जगहों पर अचानक बाढ़ और इमारत गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। सरकारी जानकारी के अनुसार, 1 जून से अब तक बारिश और खराब मौसम से जुड़े हादसों में 62 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा करीब 200 मवेशियों की भी जान गई है।

इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज, कानपुर और अयोध्या सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

बिहार के पटना, वैशाली, भागलपुर और सिवान समेत कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

राजस्थान में अगले दो-तीन दिन तक मॉनसून सक्रिय रहेगा। हालांकि, 11 जुलाई के बाद बारिश कम होने की उम्मीद है। 10 जुलाई को भरतपुर संभाग में भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और पौड़ी सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदी-नालों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। राहत और बचाव टीमें भी तैयार रखी गई हैं।

तमिलनाडु के पश्चिमी घाट वाले इलाकों में अगले 48 घंटे तक मौसम खराब रह सकता है। दक्षिणी गुजरात से केरल तक बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से इन इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

असम में बाढ़ का खतरा बढ़ा

असम के कई जिलों में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने धुबरी, कोकराझार, लखीमपुर और आसपास के इलाकों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के कारण बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें