Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

पहले चार साल के बेटे को दिया जहर फिर खुद भी निगला, दोनों पिता-पुत्र की हुई मौत

July 11, 2026

पहले चार साल के बेटे को दिया जहर फिर खुद भी निगला, दोनों पिता-पुत्र की हुई मौत

नेशनल डेस्क: मेरठ जिले में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना में चार साल के मासूम कृष्णा की जान चली गई। आरोप है कि उसके पिता कपिल ने उसे कोल्ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद कपिल ने भी खुद जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बच्चे की पहले ही मौत हो गई और शनिवार तड़के इलाज के दौरान पिता ने भी दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, कपिल मेरठ के रहदरा गांव का रहने वाला था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी किठौर क्षेत्र के गोविंदपुर शकरपुर गांव निवासी काजल से हुई थी। दंपति के दो बच्चे थे, जिनमें चार वर्षीय बेटा कृष्णा और एक छोटी बेटी परी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि काजल की मां का पहले ही निधन हो चुका था। ऐसे में तीन जुलाई को उसकी बहन की शादी की तैयारियों और अन्य जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा काजल संभाल रही थी। शादी के कार्यक्रम में कपिल भी शामिल हुआ था और समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। शादी के अगले दिन कपिल अपनी पत्नी को साथ लेकर घर लौटना चाहता था, लेकिन काजल ने परिवार की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए कुछ दिन और मायके में रुकने की इच्छा जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

शुक्रवार को कपिल एक बार फिर गोविंदपुर शकरपुर पहुंचा और पत्नी से घर चलने को कहा। इस दौरान दोनों के बीच फिर बहस हुई। इसके बाद कपिल शाहजहांपुर स्थित काजल के फूफा के घर भी गया, जहां परिजनों ने उसे समझाकर वापस भेज दिया। हालांकि, इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ।

आरोप है कि कुछ समय बाद कपिल ने अपने बेटे कृष्णा को कोल्ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई तो परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद कपिल ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें