Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशे पर नकेल : अप्रैल से अब तक 117 आरोपी गिरफ्तार

July 11, 2026

नशे पर नकेल : अप्रैल से अब तक 117 आरोपी गिरफ्तार

Drug crackdown : 117 accused arrested : महेंद्रगढ़। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 1 अप्रैल 2026 से अब तक उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस दौरान अवैध नशीले पदार्थ, अवैध शराब, अवैध हथियार और अन्य मामलों में कुल 117 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

53 फरार आरोपी गिरफ्तार

जबकि 52 उद्घोषित अपराधियों (पीओ) और एक बेल जंपर सहित कुल 53 फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के 24 मामलों में 49 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17.294 किलोग्राम गांजा, 184.110 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 9.840 ग्राम स्मैक, 67 ग्राम अफीम, 115.140 किलोग्राम चूरापोस्त (भुक्की) तथा 2,436 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। आबकारी अधिनियम के तहत 23 मामलों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1124.25 बोतल अवैध शराब, 174.5 बोतल अंग्रेजी शराब, 68.5 बोतल बीयर, 8.250 लीटर कच्ची शराब तथा 30.200 लीटर लाहन बरामद किया गया। वहीं शस्त्र अधिनियम के 10 मामलों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 देसी कट्टे, 6 देसी पिस्टल, 16 कारतूस, एक तलवार तथा एक जेली (विस्फोटक पदार्थ) बरामद की गई। जुआ अधिनियम के तहत 7 मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹63,790 की नकद राशि बरामद की गई।

पारदी गैंग के 7 सदस्य गिरफ्तार

पुलिस ने इस दौरान अंतरराज्यीय पारदी गैंग के सात सदस्यों को भी गिरफ्तार कर कई चोरी की वारदातों का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न राज्यों और जिलों में हत्या, लूट, गृहभेदन एवं चोरी के अनेक मामले दर्ज हैं। अपराध नियंत्रण की दिशा में महेंद्रगढ़ पुलिस ने अप्रैल से अब तक हत्या के सभी 11 तथा हत्या के प्रयास के सभी 7 मामलों का शत-प्रतिशत खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। महिलाओं से संबंधित प्राप्त सभी मामलों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।

अपराध रोकने में पुलिस का साथ दें : एसपी

संपत्ति चोरी के मामलों में पुलिस ने लगभग 40 प्रतिशत सामान बरामद किया, जबकि मोटर वाहन चोरी के मामलों में 84 प्रतिशत वाहनों की बरामदगी सुनिश्चित कर पीड़ितों को उनकी संपत्ति वापस दिलाई। जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार विशेष सर्च अभियान भी चलाए गए, जिनमें अवैध शराब, नशीले पदार्थों के कारोबार, अवैध हथियार रखने वालों तथा फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दीपक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपराध की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध मुक्त महेंद्रगढ़ के निर्माण में आमजन की सहभागिता बेहद आवश्यक है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें