
Punjab Weather Update 12 July: पंजाब में मानसून का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग के ताजा जानकारी के अनुसार, शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम बदलने की संभावना है। कुछ जिलों के लिए भारी बारिश और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
इन जिलों में ज्यादा सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, पटियाला, मोगा, बरनाला और संगरूर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
13 जुलाई के बाद कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 से 17 जुलाई के बीच राज्य में व्यापक स्तर पर भारी बारिश की संभावना कम रहेगी। हालांकि, कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रह सकती है। मानसून की सक्रियता घटने के साथ तापमान और उमस में बढ़ोतरी महसूस होने की संभावना है।ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:
सामान्य से अधिक हुई जुलाई की बारिश
आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में 1 से 11 जुलाई के बीच लगभग 52.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो इस अवधि के सामान्य औसत 49.6 मिलीमीटर से करीब 6 प्रतिशत अधिक है। इससे साफ है कि महीने की शुरुआत में मानसून सामान्य से थोड़ा अधिक सक्रिय रहा।
फरीदकोट रहा सबसे गर्म, अमृतसर में सबसे कम न्यूनतम तापमान
राज्य में अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान फरीदकोट में 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बठिंडा, फाजिल्का, फिरोजपुर, बरनाला, मोगा, पटियाला, रूपनगर, मोहाली, चंडीगढ़, लुधियाना और होशियारपुर सहित कई शहरों में तापमान 32 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
ये भी पढ़ें:
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून ट्रफ उत्तर की ओर हिमालय की तलहटी की दिशा में खिसक गई है। इसका असर यह है कि पूर्वोत्तर भारत, बिहार, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो रही है, जबकि पंजाब और उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों में मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे कम होने लगी है। इसके चलते आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता घट सकती है और उमस बढ़ने की संभावना बनी रहेगी।