Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा कल्याण मंच का महिला-युवा सशक्तीकरण पर मंथन

July 13, 2026

भाजपा कल्याण मंच का महिला-युवा सशक्तीकरण पर मंथन

BJP Kalyan Manch brainstorms Meeting : जम्मू-कश्मीर। भाजपा कल्याण मंच महिला मोर्चा की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जम्मू-कश्मीर में हुई। इसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाना तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करना रहा।

समीक्षा और भविष्य पर विचार

बैठक में भाजपा कल्याण मंच के राष्ट्रीय संरक्षक मयंक सिन्हा, कोर कमेटी सदस्य रतन सिंह एवं राशित रंजन, राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी ठाकुर, राष्ट्रीय सचिव परवीन अख्तर सहित राष्ट्रीय टीम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसकी अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष रेखा चौहान तथा वरिष्ठ पदाधिकारी तरविंदर सिंह ने की। सभी पदाधिकारियों ने संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा करते हुए भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

इन मामलों पर हुई विशेष चर्चा

बैठक के दौरान इस बात पर विशेष चर्चा की गई कि भाजपा कल्याण मंच के संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला एवं प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत कैसे बनाया जाए। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों तक पहुंच बनानी होगी। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी संगठन का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर, शिक्षित और नेतृत्व की भूमिका में आगे लाने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया।

सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आहवान

उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संगठन की नीतियों एवं सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय संरक्षक मयंक सिन्हा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करना भी है। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने, उनके कौशल विकास, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

व्यापक स्तर पर होंगे कार्यक्रम

कोर कमेटी के सदस्यों रतन सिंह और राशित रंजन ने संगठन के विस्तार के लिए डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, सदस्यता अभियान को गति देने तथा गांव-गांव और वार्ड स्तर तक संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने के सुझाव दिए। राष्ट्रीय सचिव परवीन अख्तर ने कहा कि महिला मोर्चा आने वाले समय में महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार, कानूनी जागरूकता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन करेगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जा सके।

बैठक में लिए ये फैसले

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि युवाओं के लिए नेतृत्व विकास कार्यक्रम, सामाजिक सेवा अभियान, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर तथा जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें