Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

होर्मुज जलडमरूमध्य में दो UAE टैंकरों पर हमला, एक भारतीय की मौत, आठ लोग घायल

July 14, 2026

होर्मुज जलडमरूमध्य में दो UAE टैंकरों पर हमला, एक भारतीय की मौत, आठ लोग घायल

इंटरनेशनल डेस्कः संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को जानकारी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास यूएई के झंडे वाले दो तेल टैंकरों पर मिसाइलों से हमला किया गया। इस हमले में टैंकर के चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। यूएई ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है और कहा है कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।

ओमान के समुद्री क्षेत्र में हुआ हमला
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हमला ओमान के समुद्री क्षेत्र में होर्मुज जलडमरूमध्य की दक्षिणी समुद्री लेन में हुआ। निशाना बनाए गए दोनों टैंकरों के नाम मोम्बासा और बाहिया हैं। ये दोनों जहाज यूएई के झंडे के तहत संचालित हो रहे थे। हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई। हालांकि, चालक दल और बचाव टीमों की मदद से आग पर समय रहते पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

एक भारतीय की मौत, कई लोग घायल
मंत्रालय ने बताया कि हमले में टैंकर मोम्बासा पर तैनात एक भारतीय चालक दल के सदस्य की जान चली गई। इसके अलावा कुल आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें 6 भारतीय नागरिक, 2 यूक्रेन के नागरिक शामिल हैं। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई है और जिनका इलाज जारी है।

यूएई ने हमले की कड़ी निंदा की
यूएई सरकार ने इस हमले को क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के लिए गंभीर खतरा बताया है। सरकार का कहना है कि किसी भी देश या जहाज पर इस तरह का हमला स्वीकार नहीं किया जा सकता। यूएई ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्री सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन बताया है।

जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित
यूएई ने साफ कहा है कि वह अपनी सुरक्षा, संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने का अधिकार रखता है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश की सशस्त्र सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी संभावित खतरे का सामना करने के लिए हाई अलर्ट पर हैं।

ईरान ने पहले दी थी चेतावनी
इस घटना से पहले ईरान ने दावा किया था कि उसकी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो जहाजों को चेतावनी दी थी। ईरान के सरकारी टीवी के अनुसार, इन जहाजों पर कथित तौर पर अवैध तरीके से इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने का आरोप था। इसी कारण रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी के तौर पर फायरिंग की और जहाजों को रोकने की कोशिश की।

क्षेत्र में बढ़ा तनाव
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। इस रास्ते से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस दुनिया के कई देशों तक पहुंचती है। ऐसे में इस इलाके में किसी भी तरह का सैन्य हमला या तनाव वैश्विक व्यापार, तेल आपूर्ति और क्षेत्रीय सुरक्षा पर असर डाल सकता है। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें