Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

CSR पहल के तहत टीबी मरीजों को मिला पोषण सहयोग, लुधियाना में 200 हाई-प्रोटीन डाइट किट वितरित

July 14, 2026

CSR पहल के तहत टीबी मरीजों को मिला पोषण सहयोग, लुधियाना में 200 हाई-प्रोटीन डाइट किट वितरित

पंजाब डेस्क : लुधियाना में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत टीबी मरीजों की मदद के लिए एक विशेष पहल की गई। वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड ने जिला प्रशासन और रेड क्रॉस सोसाइटी, लुधियाना के सहयोग से सिविल अस्पताल में 200 जरूरतमंद टीबी मरीजों को हाई-प्रोटीन डाइट किट उपलब्ध कराईं। यह कार्यक्रम “स्वस्थ समाज” परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।

इस अभियान का उद्देश्य टीबी से जूझ रहे मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके इलाज और स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया को मजबूत बनाना है। डाइट किट का लाभ बच्चों, महिलाओं और पुरुषों सहित कुल 200 मरीजों को मिला।

कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी, लुधियाना के सचिव नवनीत जोशी ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि टीबी मरीजों के लिए पौष्टिक आहार बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड की CSR टीम और कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार लाने और बीमारी से लड़ने की क्षमता बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं।

वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड की ओर से अमित धवन ने कहा कि कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यों में लगातार योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि टीबी के इलाज में दवाओं के साथ संतुलित और पौष्टिक भोजन भी उतना ही जरूरी होता है, इसलिए मरीजों को हाई-प्रोटीन डाइट किट उपलब्ध कराई गई हैं।

डाइट किट प्राप्त करने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने कंपनी, जिला प्रशासन और रेड क्रॉस सोसाइटी का धन्यवाद किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह की पहल जारी रहेगी, ताकि जरूरतमंद मरीजों को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सहायता मिलती रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें