Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले जालंधर कैंट स्टेशन हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील

July 15, 2026

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले जालंधर कैंट स्टेशन हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील

जालंधर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसी अवसर पर वह अमृतसर-वाराणसी के बीच चलने वाली नई श्री संत रविदास एक्सप्रैस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर रेलवे, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। स्टेशन परिसर और आसपास के पूरे क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू तथा फिरोजपुर मंडल के डीआरएम संजीव कुमार ने मंगलवार को एक बार फिर जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा किया।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और उद्घाटन समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। समारोह के मद्देनजर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम दिल्ली से जालंधर पहुंच चुकी है। इसके अलावा पंजाब पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से मोर्चा संभाले हुए हैं। स्टेशन परिसर और आसपास लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति और सामान की गहन जांच की जा रही है तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

सूत्रों के अनुसार उद्घाटन समारोह में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश केवल वैध पहचान पत्र के आधार पर ही मिलेगा। वहीं डीसी वरजीत वालिया और सीपी सतिंदर सिंह भी लगातार तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। स्टेशन पर लगे सभी एस्केलेटर, लिफ्ट, मेटल डिटेक्टर, बैगेज स्कैनर तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की दोबारा तकनीकी जांच और मेंटेनेंस कराया जा रहा है, ताकि समारोह के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए। उद्घाटन समारोह के लिए वाटरप्रूफ पंडाल लगभग तैयार कर लिया गया है तथा पूरे आयोजन स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग कर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। स्टेशन पर आधुनिक एयर कॉन्कोर्स, दो नए फुटओवर ब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, आधुनिक उद्घोषणा प्रणाली, दोनों ओर से सुगम प्रवेश एवं निकास, विस्तृत पार्किंग, हरित क्षेत्र, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, 90 केएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा व्यापक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था विकसित की गई है। स्टेशन को गोल्ड रेटिंग के अनुरूप ग्रीन बिल्डिंग के रूप में तैयार किया गया है।

इसके अलावा स्टेशन तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए सड़कों, फुटपाथों और अन्य बुनियादी ढांचे का भी विकास किया गया है, जबकि दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित करेंगे तथा नई श्री संत रविदास एक्सप्रेस को रवाना करेंगे। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन अमृतसर से वाराणसी तक संचालित होगी ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें