
पंजाबः मुक्तसर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया गया है। यह पुनर्विकास परियोजना यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना एक महत्वपूर्ण पहल है जो भारत में रेलवे प्रणाली का उपयोग करने वाले लाखों लोगों को लाभान्वित करेगी। इस योजना की परिकल्पना यात्रियों को सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए की गई है। इससे यात्रियों का यात्रा अनुभव बेहतर होगा। इस परियोजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आसपास के क्षेत्रों से जोड़ना और यात्रियों को बेहतर पहुंच प्रदान करने के लिए इन क्षेत्रों का विकास करना है। इस योजना में संपर्क और पहुंच में सुधार के लिए सड़कों, फुटपाथों और अन्य बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है। इन स्टेशनों का पुनर्विकास दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं के साथ-साथ यात्रियों की निर्बाध आवाजाही प्रदान करने की दृष्टि से किया गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत श्री मुक्तसर साहिब रेलवे स्टेशन का लगभग ₹21.24 करोड़ की लागत से आधुनिक पुनर्विकास किया गया है। परियोजना के अंतर्गत मुख्य प्रवेश साइड पर स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया, भव्य राष्ट्रीय ध्वज, प्रवेश व निकास के लिए अलग द्वार, वाटर बूथ, एग्जीक्यूटिव लाउंज, पोर्च तथा अन्य यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है।
स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा आधुनिक रूफ प्लाजा तथा स्टेशन के दूसरी ओर नया द्वितीय प्रवेश द्वार भी बनाया गया है, जिसमें बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, पार्किंग और हरित क्षेत्र शामिल हैं। साथ ही स्टेशन के दोनों प्रवेश साइडों पर आधुनिक फर्नीचर, दूरसंचार सुविधाएं, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं तथा वातानुकूलित एवं सामान्य प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, रेट्रोरिफलेक्टिव व प्रकाशित संकेत बोर्ड और शौचालयों का भी नवीनीकरण किया गया है।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)