Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

शांगहाई निरीक्षण दौरा: चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने उच्च गुणवत्ता वाले शहरी सुधारों पर दिया ज़ोर

July 15, 2026

शांगहाई निरीक्षण दौरा: चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने उच्च गुणवत्ता वाले शहरी सुधारों पर दिया ज़ोर

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 15 जुलाई को अपने शांगहाई निरीक्षण दौरे के दौरान इस बात पर विशेष ज़ोर दिया कि शहरी सुधारों (नवीनीकरण) को उच्च गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाना ही शहरी आधुनिकीकरण का सबसे सही रास्ता है। उन्होंने कहा कि हमें शहरों के विकास में जनता को केंद्र में रखने वाली सोच को पूरी तरह लागू करना होगा। इसके लिए लोगों की ज़रूरतों, उनकी सलाह और काम के नतीजों को जानने के सिद्धांत को अपनाना होगा। शहरी कायाकल्प के हर पहलू को बहुत बारीकी, सावधानी और व्यावहारिक तरीक़े से ज़मीनी स्तर पर उतारने की ज़रूरत है, ताकि वहां के नागरिकों की संतुष्टि, ख़ुशी और सुरक्षा का अहसास लगातार बढ़ता रहे।

उसी दिन दोपहर को, सीपीसी शांगहाई नगर समिति के सचिव छन चिनिंग और मेयर कोंग चंग के साथ, शी चिनफिंग ने हुआंगफ़ु ज़िले के पानसोंगयुआन रोड पर स्थित शिमिन नव ग्राम आवासीय क्षेत्र का दौरा किया और वहां की जमीनी स्थिति का जायज़ा लिया। शिमिन नव ग्राम आवासीय क्षेत्र में 1950 के दशक की बनी चार रिहायशी इमारतों को आधुनिक रूप देकर उनका स्तर सुधारा गया है। अब यहां हर घर में अलग रसोई, स्नानघर और लिफ्ट जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिससे लोगों के जीवन स्तर में काफ़ी सुधार हुआ है। शी चिनफिंग ने इस दौरान सामुदायिक सेवा केंद्र का भी दौरा किया। उन्होंने जाना कि कैसे शांगहाई प्रशासन उन पुरानी इमारतों को सुधारने के प्रयास कर रहा है जहां बुनियादी स्वच्छता सुविधाएं नहीं थीं। उन्होंने इस बात की भी जानकारी ली कि पुराने शहर के निवासियों के सामने आने वाली शौचालयों की ऐतिहासिक समस्या को कैसे सुलझाया गया। राष्ट्रपति ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से इन सभी योजनाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की। 

शी चिनफिंग ने इस बात पर ज़ोर दिया कि पार्टी की केंद्रीय समिति शहरी विकास के कामों को बहुत ज़्यादा अहमियत देती है। समिति ने आधुनिक, जन-केंद्रित, इनोवेटिव, रहने लायक, सुंदर, टिकाऊ, सभ्य और स्मार्ट शहरों के निर्माण का एक साफ़ रोडमैप तैयार किया है। पुराने रिहायशी इलाक़ों का कायाकल्प करना इसी बड़े लक्ष्य का एक अहम हिस्सा है।  शी ने कहा कि अपने कार्यों में, हमें प्रदर्शन के सही दृष्टिकोण को दृढ़ता से स्थापित और अभ्यास करना होगा, जनता की जरूरतों को समझना होगा, उनकी तात्कालिक आवश्यकताओं को पूरा करना होगा, प्रभावी नीतियों और उपायों को तैयार और कार्यान्वित करना होगा, अपने प्रयासों में निरंतर लगे रहना होगा और जनता से संबंधित मुद्दों को एक-एक करके संबोधित करते हुए उनके कल्याण में निरंतर सुधार करना होगा। इसके साथ ही, हमें आवासीय क्षेत्रों में संपत्ति प्रबंधन और सुविधाजनक सेवाओं के स्तर में निरंतर सुधार के लिए बारीकी से ध्यान देना होगा और निवासियों की संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास करना होगा।

सेवानिवृत्त निवासी चू क्वोली के घर पहुंचकर शी चिनफिंग ने उनके रहन-सहन की स्थिति को बहुत ध्यान से देखा। चू ने राष्ट्रपति को बताया कि अब घर में अपनी रसोई और बाथरूम होने से उनकी ज़िंदगी बहुत आसान और आरामदायक हो गई है। यह सुनकर शी चिनफिंग बेहद ख़ुश हुए। उन्होंने कहा कि आम लोगों का जीवन केवल उनका निजी पारिवारिक मामला नहीं है, बल्कि यह एक राष्ट्रीय मुद्दा भी है। कम्युनिस्ट पार्टी का मुख्य उद्देश्य ही जनता की सेवा करना है। जब देश के लोग शांति और संतोष से जीएंगे, तभी पार्टी और सरकार निश्चिंत हो सकेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोग अपने रिटायरमेंट के बाद के जीवन की अच्छी योजनाएं बनाएंगे और अपने पारिवारिक जीवन को और भी ख़ुशहाल बनाएंगे।

इसके बाद, शी चिनफिंग ने सामुदायिक पार्टी और जन सेवा केंद्र का दौरा किया। वहां उन्होंने सुविधाजनक सब्ज़ी स्टॉलों पर फलों और सब्ज़ियों की आपूर्ति का जायज़ा लिया। साथ ही, उन्होंने “नागरिकों के बैठक कक्ष” में स्थानीय निवासियों, वार्ड अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ खुलकर बातचीत की। शी चिनफिंग ने ज़ोर देकर कहा कि कोई भी समुदाय शहरी व्यवस्था की सबसे बुनियादी इकाई होता है। इसलिए स्थानीय स्तर पर प्रशासन को बेहतर बनाना, बुनियादी संसाधनों, सेवाओं और प्रबंधन को सीधे ज़मीनी स्तर तक पहुंचाना बहुत ज़रूरी है। इसके अलावा, ज़मीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों का बोझ कम करके उन्हें और मज़बूत बनाना होगा। उन्होंने एक ऐसे समग्र समुदाय के विकास पर बल दिया जहां जीवन-यापन की हर सुविधा बेहद पास हो, और लोगों के लिए व्यावहारिक काम करते हुए उनकी हर मुश्किल को दूर किया जा सके।  

अपने इस दौरे के दौरान, शी चिनफिंग ने इस बात के प्रति भी सचेत किया कि देश इस समय बाढ़ से बचाव के एक बेहद संवेदनशील दौर से गुज़र रहा है। सभी क्षेत्रों और संबंधित विभागों को सुरक्षा के बुनियादी नियमों को ध्यान में रखना चाहिए और हर संभावित स्थिति के लिए तैयार होकर काम करना चाहिए। भारी बारिश, बाढ़ और तूफ़ान के हालात पर लगातार पैनी नज़र रखना बेहद ज़रूरी है। संभावित ख़तरों और जोखिमों की पहले से ही सावधानीपूर्वक जांच की जानी चाहिए, ताकि लोगों की जान-माल की रक्षा की जा सके। इसके लिए बाढ़ नियंत्रण, आपदा राहत और बचाव के कामों को पूरी निष्ठा के साथ पूरा किया जाना चाहिए।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें