Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग, 8 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी लपटें

July 15, 2026

शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग, 8 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी लपटें

लाडवा: गांव बन के पास स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने मंगलवार देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम और उसके गोदाम में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी विकराल थी कि उसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की 5 से 6 गाडिय़ों को करीब आठ घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में शोरूम में रखा लगभग डेढ़ से दो करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान और करीब 17 लाख रुपये की नकदी जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे शोरूम मालिक तरुण को फोन पर सूचना मिली कि उनके शोरूम में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरे शोरूम और पीछे बने गोदाम तक फैल चुकी थी। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर सबसे पहले पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा।

कई घंटों तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद बुधवार सुबह आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। वहीं शोरूम मालिक तरुण ने बताया कि आग में शोरूम के साथ-साथ पीछे बना गोदाम भी पूरी तरह जल गया। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ से दो करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान आग की भेंट चढ़ गया। इसके अलावा शोरूम में रखी लगभग 17 लाख रुपये की नकदी भी जल गई। उन्होंने बताया कि नया मकान निर्माणाधीन होने के कारण कुछ सोने के आभूषण भी शोरूम में सुरक्षित रखे गए थे।

मलबा हटने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आभूषण सुरक्षित बचे हैं या आग में नष्ट हो गए। फिलहाल कुल नुकसान का अनुमान डेढ़ से दो करोड़ रुपये के बीच लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें रात करीब 11 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी। उन्होंने कहा कि दमकल विभाग ने कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें