Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं और धार्मिक आस्थाएं ही प्रदेश की वास्तविक पहचान : विक्रमादित्य

July 17, 2026

समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं और धार्मिक आस्थाएं ही प्रदेश की वास्तविक पहचान : विक्रमादित्य

शिमला : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनावग में आयोजित एक दिवसीय हरशिंग धार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं और धार्मिक आस्थाएं ही प्रदेश की वास्तविक पहचान हैं तथा मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति को बधाई देते हुए कहा कि हरशिंग धार मेला क्षेत्र के लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है तथा इसका आयोजन पौराणिक काल से पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें दूसरी बार ईष्ट देव हर्षिंगदेव महाराज के दरबार में उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है। साथ ही क्षेत्र के अन्य स्थानीय देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेना भी उनके लिए सौभाग्य की बात है। इससे पूर्व लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने 5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली पटियार-घाटरु-बैरटीनाला वाया सीतरी जांयन संपर्क सड़क का शिलान्यास किया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाली जूड-खुराना संपर्क सड़क की आधारशिला रखी तथा 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला जूड के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए जिन दोनों संपर्क सड़कों का शिलान्यास किया गया है, उनका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने मेला समिति द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूरा करने का आश्वासन भी दिया। लोक निर्माण मंत्री ने घोषणा की कि हरशिंग धार देवस्थल के समीप एक बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि चनावग से हरशिंग धार देवस्थल तक मुख्य सड़क की मेटलिंग एवं टायरिंग का कार्य वर्षा ऋतु के बाद आरंभ किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, महासचिव बेसर दास हरनौट, मेला समिति के प्रधान परसराम वर्मा, महासचिव कृष्ण ठाकुर, बीडीसी सदस्य मेद राम, ग्राम पंचायत चनावग के प्रधान जगदीश चंद वर्मा, उपप्रधान उमा शंकर, अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल, बीडीओ बसंतपुर वीरेंद्र नेगी, आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेला समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें