अमृतसर: नगर निगम अमृतसर के एस्टेट विंग ने शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आज बटाला रोड, वेरका बाईपास तथा राम तलई रोड पर विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के निर्देशों तथा अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त डॉ. जय इंदर सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
अभियान के दौरान सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। नियमों का उल्लंघन कर रखे गए सामान, डिस्प्ले आइटम एवं अन्य सामग्री को जब्त किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और यातायात भी प्रभावित होता है। इसलिए इस प्रकार के अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
नगर निगम ने सभी दुकानदारों एवं अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि वे दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया जाएगा तथा जुर्माना भी लगाया जाएगा।
यह अभियान सचिव-सह-एस्टेट अधिकारी सुशांत भाटिया एवं एस्टेट अधिकारी धर्मिंदरजीत सिंह की निगरानी में चलाया गया। अभियान में इंस्पेक्टर प्रीति चौहान तथा इंस्पेक्टर अमन कुमार सहित एस्टेट विंग की टीम ने भाग लिया। नगर निगम अमृतसर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में निगम का सहयोग करें, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुगम बनाया जा सके।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)