Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

अभिषेक बनर्जी के ऑफिस पर चला बुलडोजर, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

July 18, 2026

अभिषेक बनर्जी के ऑफिस पर चला बुलडोजर, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के कथित अवैध रूप से बने कार्यालय पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पांच मंजिला इमारत दक्षिण 24 परगना जिले के अमताला-बारुईपुर रोड पर स्थित है। इमारत को गिराने के लिए तीन जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

भवन का निर्माण वैध दस्तावेजों के बिना किया- प्रशासन 

प्रशासन का कहना है कि इस भवन का निर्माण आवश्यक मंजूरी और वैध दस्तावेजों के बिना किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भवन मालिकों को नोटिस भेजकर जरूरी कागजात पेश करने और अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था। लेकिन तय समय के भीतर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद शनिवार को इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस बल तैनात, पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी

सुबह जैसे ही बुलडोजर मौके पर पहुंचे, आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहां भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया और पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि यह कार्यालय विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से बंद पड़ा था। हालांकि, इससे पहले डायमंड हार्बर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की कई बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन इसी कार्यालय से किया जाता था।

जिला प्रशासन का दावा है कि भवन के निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए, इसलिए इसे अवैध निर्माण मानते हुए तोड़ने का फैसला लिया गया। इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इस कार्रवाई को कानून के पालन की प्रक्रिया बता रहा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के समर्थक इसे राजनीतिक कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें