
जम्मू-कश्मीर डेस्कः डोडा जिले के रग्गी नाला क्षेत्र में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा गिरने लगा, जिसकी चपेट में एक यात्री बस समेत कई वाहन आ गए। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।
ये भी पढ़ें :-
जानकारी के अनुसार, बस संख्या JK02BA-4877 भद्रवाह से जम्मू जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे रग्गी नाला के पास अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरने लगे। इसी दौरान एक विशाल पत्थर बस पर आ गिरा, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की चपेट में कुछ छोटे यात्री वाहन भी आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी डोडा रेफर किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। एहतियात के तौर पर संबंधित राजमार्ग को यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का कार्य जारी है, हालांकि खराब मौसम के कारण राहत एवं बहाली कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और सड़क को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने तक इस मार्ग पर अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...