Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

बांके बिहारी मंदिर में महिला सिपाही और श्रद्धालु के बीच विवाद, धक्का लगने के बाद मारपीट का VIDEO वायरल

July 20, 2026

बांके बिहारी मंदिर में महिला सिपाही और श्रद्धालु के बीच विवाद, धक्का लगने के बाद मारपीट का VIDEO वायरल

वृंदावन: श्री बांके बिहारी मंदिर के गेट नंबर 4 पर रविवार सुबह एक श्रद्धालु और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला सिपाही और अन्य पुलिसकर्मी एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली का रहने वाला एक युवक अपने परिवार के साथ ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन करने के लिए मंदिर आया था। दर्शन के दौरान गेट नंबर 4 पर काफी भीड़ थी। इसी बीच युवक वीआईपी रेलिंग की ओर जाने की कोशिश कर रहा था। भीड़ के दबाव और धक्का-मुक्की में युवक का हाथ वहां ड्यूटी पर तैनात एक महिला सिपाही से टकरा गया।

 

आरोप है कि इसके बाद महिला सिपाही ने युवक की टी-शर्ट पकड़ ली और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और युवक को पीटने लगे। युवक के साथ आई महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से उसे छोड़ने की गुहार लगाई। आसपास मौजूद कुछ श्रद्धालुओं ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी युवक को पकड़कर श्री बांके बिहारी पुलिस चौकी ले गए।

बताया जा रहा है कि चौकी में युवक ने पुलिसकर्मियों से माफी मांग ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और युवक अपने परिवार के साथ वापस दिल्ली लौट गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

सीओ सदर वरुण मिश्रा का बयान 

सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि मंदिर के गेट पर तैनात महिला सिपाही को श्रद्धालु युवक से धक्का लग गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बाद में युवक ने माफी मांगी, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामला मौके पर ही शांत हो गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें