Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

40 घंटे से अधिक समय से बंद श्री माता वैष्णो देवी यात्रा, बिना दर्शन लौटने लगे श्रद्धालु

July 21, 2026

40 घंटे से अधिक समय से बंद श्री माता वैष्णो देवी यात्रा, बिना दर्शन लौटने लगे श्रद्धालु

कटरा : श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा लगातार खराब मौसम के चलते पिछले 40 घंटे से अधिक समय से स्थगित है। यात्रा बहाल होने की उम्मीद में हजारों श्रद्धालु कटरा में रुके रहे, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने और यात्रा शुरू न होने के कारण अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। कटरा रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी-अपनी ट्रेनों का इंतजार कर रहे हैं।

कई श्रद्धालुओं का कहना है कि उन्होंने यात्रा शुरू होने की उम्मीद में काफी समय तक इंतजार किया, लेकिन लगातार यात्रा बंद रहने के कारण अब उनके पास वापस लौटने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि अधिकांश लोगों की पहले से ही रेल टिकटें बुक थीं। यदि वे और अधिक समय तक कटरा में रुकते, तो उनकी ट्रेनें छूट जाती और बाद में टिकट मिलना भी मुश्किल हो जाता। ऐसे में भारी मन से वे बिना मां वैष्णो देवी के दर्शन किए ही अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं।

उधर, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा तभी दोबारा शुरू की जाएगी जब मौसम पूरी तरह सामान्य होगा तथा यात्रा मार्ग को सुरक्षित घोषित कर दिया जाएगा। यात्रा स्थगित रहने का असर स्थानीय कारोबार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। होटल, टैक्सी, दुकानदार और अन्य पर्यटन से जुड़े व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं, वहीं श्रद्धालुओं में भी मायूसी का माहौल है। सभी को अब मौसम साफ होने और यात्रा जल्द बहाल होने का इंतजार है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से मां वैष्णो देवी के पवित्र दर्शन कर सकें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें