Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना में ASI रिश्वत लेते गिरफ्तार, जमानत में मदद के नाम पर मांगे थे 10 हजार रुपये

July 21, 2026

लुधियाना में ASI रिश्वत लेते गिरफ्तार, जमानत में मदद के नाम पर मांगे थे 10 हजार रुपये

लुधियाना: पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने लुधियाना जिले के कूमकलां थाने में तैनात एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जगजीवन सिंह के रूप में हुई है, जिसे 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ा गया।

विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, यह कार्रवाई एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसके एक रिश्तेदार के खिलाफ कूमकलां थाने में दर्ज मामले की जांच कर रहे एएसआई ने जमानत दिलाने में मदद करने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहली रकम लेने के बाद भी आरोपी पुलिसकर्मी ने अतिरिक्त 10 हजार रुपये की मांग की। इस दौरान शिकायतकर्ता ने दोनों के बीच हुई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड भी अपने पास सुरक्षित रखा और बाद में इसकी जानकारी विजिलेंस ब्यूरो को दी।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया। दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में टीम ने आरोपी एएसआई को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें