Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

कॉजपा प्रदर्शन : केजरीवाल ने प्राथमिकी, हिरासत में लिए गए लोगों की सूची जारी करने की मांग की

July 22, 2026

कॉजपा प्रदर्शन : केजरीवाल ने प्राथमिकी, हिरासत में लिए गए लोगों की सूची जारी करने की मांग की

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध-प्रदर्शन के बाद दर्ज प्राथमिकी की प्रति और हिरासत में लिए गए लोगों की सूची तत्काल जारी करने की मांग की।

केजरीवाल संसद मार्ग पुलिस थाने भी पहुंचे और दिल्ली पुलिस के सामने अपनी मांग दोहराई। ‘आप’ प्रमुख ने नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा को लिखे पत्र में कहा, मुझे पता चला है कि शिक्षा प्रणाली की विफलताओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाबदेही की मांग को लेकर सोमवार को जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

उन्होंने लिखा, मुझे यह भी पता चला है कि विरोध-प्रदर्शन के बाद कई लोगों को बिना प्राथमिकी दर्ज किए ही हिरासत में रखा गया है। केजरीवाल ने कॉजपा के विरोध-प्रदर्शन के बाद दर्ज प्राथमिकी की प्रति और हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों की सूची तुरंत सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि प्रभावित लोगों को कानूनी मदद उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, हैल्पलाइन नंबर शुरू होने के बाद से हमें 2 शिकायतें मिली हैं और हमने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी है।

एक छात्र लापता है और उसके माता-पिता उसे ढूंढ रहे हैं। ‘आप’ ने घायल प्रदर्शनकारियों को चिकित्सीय मदद मुहैया कराने और हिरासत में लिए गए छात्रों के परिवारों को कानूनी सहायता देने के लिए मंगलवार को एक हैल्पलाइन नंबर शुरू किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें