
लुधियाना: समाज के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास से जोड़ने के उद्देश्य से बाल विकास ट्रस्ट द्वारा दुगरी फेस-2 एवं 3 कैंपस में मासिक कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बच्चों ने भक्ति, संस्कृति और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का ऐसा संगम प्रस्तुत किया कि उपस्थित अतिथि और गणमान्यजन भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पाठ्य सामग्री, खाद्य सामग्री एवं उपहार वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।
बाल विकास ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. रचना शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कैंप का शुभारंभ बच्चों द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा के सुमधुर पाठ से हुआ। इसके पश्चात बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी सभी अतिथियों ने सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएचई ग्रुप के एम.डी. एवं बाल विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी समाजसेवी विनोद जैन सीएचई व ऊषा जैन ने जरूरतमंद बच्चों को खाद्य सामग्री एवं पाठ्य सामग्री वितरित करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है कि वह जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ी सेवा है और ऐसे सामाजिक प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम के गेस्ट ऑफ ऑनर ईशान अरोड़ा मिडास निट प्राइवेट लिमिटेड ने भी बच्चों को खाद्य सामग्री के साथ आकर्षक रिटर्न गिफ्ट वितरित किए। वहीं ट्रस्टी वीना जैन चार्ली ग्रुप ने भी बच्चों को खाने-पीने का सामान वितरित कर सेवा कार्य में अपना सहयोग दिया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे सेवा प्रकल्प निरंतर सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
डॉ. रचना शर्मा ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल बच्चों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नैतिक मूल्य और बेहतर भविष्य की सोच विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से आयोजित होने वाले ऐसे मासिक कैंप बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं। इस मौके वाणी अरोड़ा, रिजुता, सुनीता मोहिन्द्रा, नीलम सरीन, किशिका, साहिल, अकविन्द्र, नीतू, मुस्कान, स्वाति, हर्षा, हिरांशी, रचित जैन, दमन ग्रेवाल, प्रीत मोहन गिल, गुरप्रीत सिंह, नवीन, डिक्की सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)
मेष: दिन शुभ रहेगा...