Congress protests against paper leak : लुधियाना। देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक और दिल्ली में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस की ओर से किए अत्याचार के विरोध में प्रदर्शन किया। आज जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने टिब्बा रोड स्थित कार्यालय के बाहर संजय तलवाड़ (पूर्व विधायक), अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना के नेतृत्व में रोष प्रदर्शन किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका।
इस रोष प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी की सरकार में लगातार हो रहे पेपर लीक तथा विद्यार्थियों पर हो रहे कथित पुलिस अत्याचार को लेकर सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने में विफल रहने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर की गई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय भाजपा सरकार ने विद्यार्थियों की आवाज़ दबाने का रास्ता चुना है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं की जायज़ मांगों का समाधान करने के बजाय लोकतांत्रिक आवाज़ों का दफ़न करने का काम कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को भी घेरते हुए कहा कि एक ओर वह केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग करती है, जबकि दूसरी ओर पंजाब में हो रहे पेपर लीक के मामलों को नज़रअंदाज़ करते हुए अपने शिक्षा मंत्री का बचाव कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार दोनों ही लगातार परीक्षा संबंधी अनियमितताओं को रोकने में विफल रही हैं। इन सरकारों ने देश के युवाओं के साथ विश्वासघात किया है और योग्य विद्यार्थियों से निष्पक्ष अवसर छीन लिए हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी इन युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें उनका उचित अधिकार हर हाल में दिलाकर रहेगी। इस रोष प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...