Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में बड़ा हादसा: चलती टाटा सूमो पर गिरी विशाल चट्टान, 13 लोगों की मौत

July 24, 2026

हिमाचल में बड़ा हादसा: चलती टाटा सूमो पर गिरी विशाल चट्टान, 13 लोगों की मौत

हिमाचल डेस्क: प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। उदयपुर थाना क्षेत्र के कढ़ूनाला-राहौली के पास चल रही एक टाटा सूमो पर अचानक पहाड़ से एक बड़ी चट्टान गिर गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

टाटा सूमो पर गिरी बड़ी चट्टान 

जानकारी के अनुसार, यह हादसा BRO (सीमा सड़क संगठन) की मुख्य सड़क पर हुआ। बताया जा रहा है कि लगातार जमीन धंसने के कारण पहाड़ का एक हिस्सा टूट गया और उसकी बड़ी चट्टान सीधे सड़क से गुजर रही टाटा सूमो पर आ गिरी। चट्टान इतनी भारी थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

कुल 15 लोग सवार थे

हादसे का शिकार हुई टाटा सूमो (नंबर HP-01M-2210) में चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे। वाहन को बीर सिंह चला रहे थे। जैसे ही गाड़ी कढ़ूनाला के पास राहौली क्षेत्र में पहुंची, तभी पहाड़ी से विशाल चट्टान गिर गई और वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस, जिला प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहचान पूरी होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा और शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

13 लोगों की मौत, 2 लोग घायल

लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हुई है और 2 लोग घायल हैं, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने कहा कि हादसा चंबा जिले के पांगी क्षेत्र और लाहौल-स्पीति जिले की सीमा के पास हुआ।

सभी लोग चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के रहने वाले थे

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के रहने वाले थे। फिलहाल तिंदी पुलिस चौकी और उदयपुर थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि बारिश और भूस्खलन के कारण ऐसे इलाकों में खतरा बढ़ जाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें