
पठानकोट: पठानकोट कैंट में कार्यरत तमिलनाडु निवासी एक व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। पीडि़त के साथ 7 लाख 69 हजार 82 रुपए की साइबर धोखाधड़ी हुई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना पठानकोट ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़त ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने कुछ समय पहले एक पुस्तक ऑनलाइन खरीदी थी। बाद में जब उसने उस ऑर्डर को रद्द करने का प्रयास किया तो उसके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया।
उसने पुस्तक कैंसिल कराने के उद्देश्य से उस लिंक पर क्लिक कर दिया। आरोप है, कि लिंक पर क्लिक करते ही उसके नाम पर लगभग 15 लाख रुपए का लोन स्वीकृत हो गया, जिसकी उसे कोई जानकारी नहीं थी। पीडि़त का कहना है, कि इसके बाद उसके खाते से अलग-अलग माध्यमों से कुल 7 लाख 69 हजार 82 रुपए की राशि कट गई। जब उसने बैंक खाते की जांच की तो उसे ठगी का पता चला। इसके बाद उसने तुरंत साइबर क्राइम थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर डिजिटल साक्ष्यों और बैंकिंग लेन-देन की जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाईन 1930 या नजदीकी साइबर पुलिस थाना से संपर्क करें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...