पंजाबः जालंधर के रामनगर इलाके में मोबाइल चोरी के आरोप में लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी को खंभे से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को लोगों के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।
आरोपी की पहचान किशनपुरा निवासी वंश के रूप में हुई है, जो चड्ढा स्वीट्स शॉप के पीछे रहता है। वंश ने स्वीकार किया कि उसे दो मोबाइल फोन चोरी के मामले में पकड़ा गया है। उसने बताया कि उसका एक साथी मोबाइल चोरी करने के बाद उसे गली में आने के लिए कहकर खुद दो मोबाइल लेकर फरार हो गया। आरोपी ने यह भी माना कि वह नशे का आदी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने आरोपी को खंभे से बांधकर डंडों से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पिटाई के दौरान वह लगातार रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। पीड़ित जय प्रकाश ने बताया कि आरोपी छत के रास्ते कमरे में घुसा और वहां से दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। उन्होंने दावा किया कि आरोपी ने अन्य स्थानों से भी तीन से चार मोबाइल फोन चोरी किए थे। जय प्रकाश ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी ने बताया कि रामनगर के टाली वाले चौक में एक चोर को पकड़कर लोगों द्वारा पीटे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गंभीर चोटें आई हैं और उसे उपचार के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि लोगों का गुस्सा अपनी जगह जायज हो सकता है, लेकिन किसी भी आरोपी के साथ कानून अपने हाथ में लेकर मारपीट करना गलत है। इससे उसकी जान भी जा सकती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के साथी को भी हिरासत में ले लिया गया है। दोनों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून अपने हाथ में न लें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...