Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

लाहौल-स्पीति में बारिश का कहर: धोन्धल नाले में फिर बहा पुल, जल्द बनेगा फ्लाईओवर

July 26, 2026

लाहौल-स्पीति में बारिश का कहर: धोन्धल नाले में फिर बहा पुल, जल्द बनेगा फ्लाईओवर

हिमाचल: प्रदेश में इन दिनों लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच जिला लाहौल-स्पीति की मयाड़ घाटी के करपट स्थित धोन्धल नाले में बीती रात बादल फटने की घटना के कारण एक बार फिर अस्थायी पुल बह गया। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने फिलहाल सड़क को बहाल कर दिया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मशीनरी लगातार मौके पर तैनात है। साथ ही लोगों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए एक झूला (रोपवे) भी स्थापित किया गया है।

लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि धोन्धल नाले में पिछले कई वर्षों के दौरान आठ से दस बार छोटे-बड़े पुल बह चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसका यह अर्थ नहीं है कि विभाग द्वारा कोई कार्य नहीं किया गया। विभाग और प्रशासन लगातार दिन-रात कार्य कर रहे हैं, लेकिन बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के कारण हर बार भारी नुकसान होता है और सारी मेहनत पानी में बह जाती है।

उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार से फ्लाईओवर प्रकार के एक बड़े पुल की स्वीकृति मिल चुकी है। फिलहाल इसकी कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और इसी वर्ष इसके निर्माण कार्य की शुरुआत करने की योजना है। उम्मीद है कि पुल बनने के बाद भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

📍 Location: लाहौल स्पीति, हिमाचल प्रदेश (Lahaul)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें