Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

मेरा युवा भारत (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक आयोजित, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

July 27, 2026

मेरा युवा भारत (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक आयोजित, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

मंडी:  उपायुक्त कार्यालय, मंडी में सोमवार को मेरा युवा भारत (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित हितधारकों ने भाग लिया।

बैठक में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा MY Bharat के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि मेरा युवा भारत युवाओं की ऊर्जा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी मंच है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को MY Bharat से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से MY Bharat के कार्यक्रमों एवं अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। अधिक से अधिक युवाओं का MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर उन्हें स्वयंसेवी एवं सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, कार्यशालाएं और विभिन्न प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।

इसके साथ ही युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, उद्यमिता, डिजिटल साक्षरता तथा करियर मार्गदर्शन से संबंधित कार्यक्रम विभिन्न विभागों के सहयोग से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं फिटनेस, रक्तदान तथा अन्य सामाजिक अभियानों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक एवं विद्यालयों को MY Bharat की गतिविधियों से नियमित रूप से जोड़ने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक का समापन सभी सदस्यों द्वारा MY Bharat के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त करने के साथ हुआ। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशू खाती, जिला रोजगार अधिकारी अरिंदम चौहान,जिला युवा अधिकारी भारती मोगरा, जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) गोपी चंद पाठक, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

📍 Location: जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें