
Sought a higher budget for road connectivity. : कुल्लू। हिमाचल के दुर्गम इलाकों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार प्रयास तेज कर रही है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य की सड़क संबंधी जरूरतों और विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार के समक्ष लगातार पैरवी की जा रही है, जिससे कि अधिक बजट उपलब्ध हो और दूरदराज के क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकें।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की तहसील सैंज में मंगलवार को 2 करोड़ की लागत से बनने वाले त्रेहड़ा पुल का शिलान्यास किया। इसके अलावा सुचैहन-शांघड़ सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शुभारंभ किया। इस सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य डेढ़ करोड़ रुपए से किया जाएगा। वही मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बंजार से सैंज- शांघड़ सड़क को अब मेजर डिस्टिक रोड में लाया जाएगा। ताकि सीआरएफ के माध्यम से इस सड़क के लिए बजट का प्रावधान किया जा सके। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए बजट की भी समस्या है। लेकिन उसके बावजूद भी सरकार लगातार प्रदेश में विकास कार्यों को पूरा कर रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हाल ही में उन्होंने जिला शिमला के डोडरा क्वार का भी दौरा किया और यहां पर भी 45 करोड रुपए की लागत से सड़क के निर्माण कार्य को लेकर मंजूरी दी है। इसके अलावा बंजार विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के मरम्मत व अन्य कार्यों के लिए भी 53 करोड रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वे समय-समय पर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का दौरा कर रहे हैं और यहां पर लोगों की समस्याओं को भी सुना जा रहा है। जहां पर भी सड़कों के निर्माण तथा मरम्मत कार्य को लेकर जो शिकायतें आ रही है। उसका भी तुरंत प्रभाव से निपटारा किया जा रहा है। ग्राम पंचायत देवगढ़ गोही के प्रधान दिवान नेगी ने भी इस पुल के लिए लोकनिर्माण मंत्री का धन्यवाद दिया है। उन्होंने बताया कि इस पुल के टूट जाने के बाद से यहां ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब इस पुल को बनाने से यहां लगती चार पंचायतों के लोगों को सहूलियत मिलेगी।