Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर में आवारा कुत्तों का आतंक, मां-बेटे पर किया हमला, बच्चा गंभीर घायल

July 30, 2026

जालंधर में आवारा कुत्तों का आतंक, मां-बेटे पर किया हमला, बच्चा गंभीर घायल

जालंधर: शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला जीटीबी नगर का है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने मां-बेटे पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जबकि बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, जीटीबी नगर निवासी अकालदीप कौर अपने नर्सरी में पढ़ने वाले बेटे जसकीरत को इनोसेंट हार्ट स्कूल से छुट्टी के बाद लेने गई थीं। स्कूटी से घर लौटते समय न्यू कमल विहार इलाके में अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने दोनों पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे मां-बेटे घायल हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मासूम जसकीरत के सिर पर गंभीर चोट पाई गई।

स्थानीय निवासी रॉकी सहदेव ने बताया कि कॉलोनी में 30 से अधिक आवारा कुत्ते हैं, जो आए दिन राहगीरों पर हमला करते हैं और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। वहीं, सिविल अस्पताल की एंटी रेबीज वैक्सीन ओपीडी में रोजाना करीब 140 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें 25 से 30 मामले नए डॉग बाइट के होते हैं। इसके अलावा आम आदमी क्लीनिकों में भी प्रतिदिन एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है।

मामले को लेकर सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू ने बताया कि डॉग पॉन्ड में नए कैनल निर्माण का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। ठेकेदार को पहले दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद काम में सुधार नहीं हुआ। अब नगर निगम ने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें