लुधियाना: मानसून की पहली बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं शहर की व्यवस्थाओं की कमियां भी सामने ला दीं। सुबह हुई बारिश के बाद लुधियाना के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
घंटाघर, माधोपुरी, ढोका मोहल्ला, चंडीगढ़ रोड, सराभा नगर समेत कई निचले इलाकों में बारिश का पानी जमा हो गया। पानी भरने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर ट्रैफिक की गति धीमी रही और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
नगर निगम की ओर से मानसून से पहले तैयारियों को लेकर किए गए दावों के बावजूद पहली ही बारिश में जलभराव की समस्या सामने आ गई। शहरवासियों ने खराब जल निकासी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।
खुले सीवर ने बढ़ाई चिंता
बारिश के दौरान कोट मंगल सिंह नगर इलाके में एक बुजुर्ग व्यक्ति हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि काम पर जाते समय वह साइकिल समेत खुले सीवर में गिर गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना के बाद खुले सीवर और नालों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
मॉडल टाउन में सबसे ज्यादा असर
बारिश का सबसे अधिक प्रभाव मॉडल टाउन क्षेत्र में देखने को मिला। मिंटगुमरी चौक के पास पहले से क्षतिग्रस्त सड़क बारिश के बाद और खराब हो गई, जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। जलभराव के कारण कई लोग रास्ते में फंस गए।
वहीं, डीप हॉस्पिटल रोड पर बड़े गड्ढों और सड़क धंसने की समस्या भी सामने आई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। मॉडल टाउन एक्सटेंशन में कोचिंग जा रहे तीन छात्रों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब उनका ई-रिक्शा पानी भरे रास्ते में पलट गया। हादसे में एक छात्र को हाथ में चोट आई।
सामाजिक कार्यकर्ता ने उठाए सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद शर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से अधिकारियों से खराब सड़कों की मरम्मत और सीवेज व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जरूरी कदम उठाए जाते तो बारिश के बाद पैदा हुई परेशानियों को कम किया जा सकता था।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई, सड़कों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
मेष: दिन शुभ रहेगा...